
भ्रामक समाचारों के संबंध में प्रशासन का अधिकृत स्पष्टीकरण
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुरना – जल जीवन मिशन अंतर्गत ग्राम वाडेगांव, ग्राम पंचायत वाडेगांव में पाइपलाइन बिछाने एवं सी. सी. रोड कटिंग/मरम्मत का कार्य शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों एवं गुणवत्ता के अनुरूप निरंतर प्रगतिरत है। इस विषय में कुछ माध्यमों द्वारा प्रसारित समाचार तथ्यात्मक नहीं हैं।

प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि पाइपलाइन बिछाने हेतु कुल 2101 मीटर सी.सी. रोड की कटिंग की गई थी, जिसमें से 230 मीटर सी.सी. रोड का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। शेष मार्गों पर सड़क सुधार एवं मरम्मत का कार्य प्रगति पर है। जहाँ कार्य शेष है, वहाँ मार्ग को अस्थायी रूप से सुरक्षित एवं आवागमन योग्य बनाया गया है तथा कहीं भी पाइपलाइन को खुला या अधूरा नहीं छोड़ा गया है।

यह भी स्पष्ट किया गया है कि ग्राम में पाइपलाइन कार्य पूर्ण हो चुका है एवं सभी ग्रामवासियों को नल कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं, जिसके माध्यम से नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
अतः इस संबंध में प्रसारित समाचार भ्रामक एवं निराधार हैं। प्रशासन द्वारा समस्त कार्य पूर्ण पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ संपादित किए जा रहे हैं।
