
फोटो निर्वाचक नामावली के गहन पुनरीक्षण 2026 के कार्यों के निरीक्षण के लिए रोल प्रेक्षक का पांढुर्णा जिले में भ्रमण
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुरना – मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा जिले में संचालित फोटो निर्वाचक नामावली के गहन पुनरीक्षण 2026 अंतर्गत किए जा रहे कार्यों के निरीक्षण के लिए रोल प्रेक्षक श्री मनीष सिंह, सचिव, मध्यप्रदेश शासन को नियुक्त किया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दिनांक 03 फरवरी 2026 को रोल प्रेक्षक श्री मनीष सिंह द्वारा पांढुर्णा जिले की विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 125–सौसर का भ्रमण किया जाएगा। भ्रमण के दौरान वे दोपहर 2:00 बजे से 3:00 बजे तक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सौसर के कार्यालय का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान उनके द्वारा फोटो निर्वाचक नामावली के गहन पुनरीक्षण अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की जाएगी, साथ ही संबंधित अभिलेखों का परीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जाएंगे।
इसके पश्चात रोल प्रेक्षक द्वारा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों में चल रहे कार्यों का अवलोकन किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान निर्वाचक सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन, स्थानांतरण एवं अन्य दावों-आपत्तियों से संबंधित गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
निरीक्षण कार्यक्रम के उपरांत दोपहर 3:40 बजे से कलेक्टर सभा कक्ष, पांढुर्णा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। उक्त बैठक में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रमुख/प्रतिनिधि, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहेंगे। बैठक के दौरान रोल प्रेक्षक द्वारा फोटो निर्वाचक नामावली के गहन पुनरीक्षण 2026 से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जाएंगे तथा राजनैतिक दलों से प्राप्त सुझावों पर भी विचार किया जाएगा।
उक्त निरीक्षण एवं बैठक का मुख्य उद्देश्य निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाना है, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम निर्वाचक सूची में सुनिश्चित रूप से दर्ज हो सके।

