

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ़ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। 10 जनवरी शनिवार को जिला कारागार में एक महत्वपूर्ण विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की गरिमामयी अध्यक्षता माननीय न्यायमूर्ति श्री अनीश कुमार गुप्ता जी, उच्च न्यायालय इलाहाबाद ने की। कार्यक्रम का संचालन सचिव, महेन्द्र कुमार पाण्डेय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर द्वारा किया गया। जनपद न्यायालय के न्यायिक अधिकारीगण, जिला कारागार के सभी अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण की गरिमामय उपस्थिति में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कारागार में बन्दीगण को उनके मौलिक अधिकारों, विधिक सहायता की प्रक्रियाओं तथा उपलब्ध सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करना था। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुरूप यह आयोजन किया गया, जिसमें बंदीगणों को उनके अधिकारों जैसे पैरोल, फर्लो, विधिक सहायता, चिकित्सा सुविधाएं, परिवार से संपर्क तथा पुनर्वास संबंधी जानकारी प्रदान की गई। माननीय न्यायमूर्ति श्री अनीश कुमार गुप्ता जी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि “कारागार सुधार केवल भौतिक सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि बंदीगण को उनके विधिक अधिकारों का पूर्ण ज्ञान प्रदान करना भी उतना ही आवश्यक है। विधिक जागरूकता ही न्याय व्यवस्था की मजबूती का आधार है।” उन्होंने जिला कारागार का निरीक्षण भी किया तथा वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सचिव श्री महेन्द्र कुमार पाण्डेय द्वारा स्वागत भाषण देते हुए बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा बंदीगणों को निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान की गई है। उन्होंने NALSA की योजनाओं जैसे “परिवार परामर्श केन्द्र”, “मुकद्दमेबाजों के लिए विधिक सहायता” तथा “कारागार सुधार कार्यक्रम” का विस्तार से उल्लेख किया। कार्यक्रम में जनपद न्यायालय के जनपद न्यायाधीश श्री मनोज कुमार राय, जनपद न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश, श्री ज्ञान प्रकाश सिंह, अपर जनपद न्यायाधीश-प्रथम, श्री उदय वीर सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश (एस0सी0/एस0टी0 एक्ट) श्री रनवीर सिंह, अपर जिला जज/विशेष न्यायाधीश (द0प्र0क्ष0) श्री अनिल कुमार खरवार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, श्री विनय कुमार सिह-IV, उपस्थित रहे। लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम, अपरजिलाधिकारी व जिला कारागार अधीक्षक श्री आनंद, डिप्टी जेलर, श्री देवेन्द्र कुमार दुबे व पवन कुमार तथा समस्त कारागार कर्मचारीगण ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में 100 से अधिक बंदीगणों ने भाग लिया ।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर द्वारा किया गया।