

जिम्मेदारों की गैर जिम्मेदाराना हरकत, खुले नाले में गिरी स्कूटी, मामा भांजे हुए घायल
रिपोर्टर मनमोहन गुप्ता 9783029649
भरतपुर- नदबई वेयरहाउस रोड से जय गुरुदेव मैरिज होम के बीच बने खुले नाले ने बुधवार सुबह एक बार फिर बड़ा हादसा करा दिया। खुला नाला पार करते समय स्कूटी अचानक असंतुलित हो गई और उस पर सवार मामा अपनी दो मासूम भांजे-भांजी सहित नाले में गिर पड़ा। हादसे में मामा विवेक और उसका 4 वर्षीय भांजा यशु गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि भांजी को हल्की चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत तीनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवेक बच्चों को लेकर घर लौट रहा था। सड़क किनारे स्थित नाले पर कोई ढक्कन या सुरक्षा व्यवस्था न होने से स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और तीनों सीधे नाले में जा गिरे। विवेक के पैरों में गंभीर चोट पहुंची है, जबकि यशु के चेहरे और सिर पर गहरी चोटें आई हैं। स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह स्थान लंबे समय से दुर्घटनाओं का केंद्र बना हुआ है। कई बार बाइक और स्कूटी चालक इस खुले नाले में गिर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद नगरपालिका की ओर से न तो नाले को ढकने की व्यवस्था की जा रही है और न ही कोई स्थायी समाधान। लोगों ने यह भी कहा कि विडंबना यह है कि यह समस्या उसी वार्ड में है जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष का निवास है। नगरपालिका ईओ पवन गुप्ता ने बताया कि स्थल का निरीक्षण कर जल्द ही नाले पर पटाव करवा दिया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।