
रिपोर्ट : सारण संवाददाता डॉ. देशराज बिक्रांत
निर्धारित समयानुसार मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के उपरांत जिलाधिकारी श्री अमन समीर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष ने संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित किया। दोनों अधिकारियों ने बताया कि सारण जिला में संपूर्ण मतदान शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि अपराह्न 5 बजे तक जिले में 60.90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। अंतिम आंकड़े मतदान प्रक्रिया की पूर्ण समाप्ति के बाद उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक भागीदारी के लिए सारण जिले के सभी मतदाताओं का धन्यवाद किया। साथ ही शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराने में मीडिया एवं सभी सहयोगी विभागों की भूमिका की सराहना की।
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष ने कहा कि मतगणना की प्रक्रिया समाप्त होने तक प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता विधि-व्यवस्था को सामान्य बनाए रखना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तत्पर है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या व्यवधान उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा।
प्रशासन ने अपील की है कि मतगणना के दौरान अफवाहों से बचें और आधिकारिक सूचना पर ही विश्वास करें।

