

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी का औचक निरीक्षण…
पुलिस लाइन्स कार्यालयों के रखरखाव और अनुशासन पर दिए सख्त निर्देश…
सहारनपुर। जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने पुलिस लाइन स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर पुलिस कार्यप्रणाली और प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सागर जैन, डीसीआरबी कार्यालय तथा वाचक कार्यालय सहित अन्य शाखाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कार्यालयों में रखे जाने वाले विभिन्न रजिस्टरों, दस्तावेजों और अभिलेखों की गहन जांच की। उन्होंने रजिस्टरों के रख-रखाव की गुणवत्ता और अभिलेखों के अद्यतन स्थिति की बारीकी से समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्यालयों में अभिलेखों को व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संधारित किया जाए, ताकि किसी भी समय निरीक्षण अथवा जांच के दौरान सूचनाएं सहजता से उपलब्ध कराई जा सकें। इसके साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रतिसार निरीक्षक, पुलिस लाइन को कार्यालय भवनों की साफ-सफाई, रखरखाव एवं आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण न केवल कार्यकुशलता को बढ़ाता है, बल्कि कर्मचारियों में अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना भी उत्पन्न करता है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने कहा कि पुलिस कार्यालयों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, अनुशासन और जवाबदेही बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक कर्मचारी अपने कार्य के प्रति सजग रहे तथा जनता से संबंधित कार्यों को समयबद्ध और निष्पक्ष रूप से संपादित किया जाए, ताकि पुलिस व्यवस्था में जनविश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।
मोहम्मद अली मिर्ज़ा