

मौदहा हमीरपुर।राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन की ओर से आयोजित दशहरा मिलन समारोह में व्यापारियों ने मुख्य अतिथि का पांच घंटे से अधिक समय तक इंतजार किया जिसके चलते कार्यक्रम में व्यापारियों की संख्या भी कम रही।जबकि दशहरा मिलन कार्यक्रम में दशहरा मिलन के बजाय संगठन विस्तार पर अधिक जोर दिया गया।

कस्बे के राम लीला ग्राउंड में जन उद्योग व्यापार संगठन की ओर से रविवार दोपहर एक बजे दशहरा मिलन समारोह का आयोजन निर्धारित था जिसको लेकर खासा प्रचार प्रसार किया गया था। लेकिन मुख्य अतिथि और संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित गुप्ता,विशिष्ट अतिथि संगठन के महामंत्री गोविन्द बाबू टाटा और प्रमुख अतिथि राष्ट्रीय संगठन मंत्री सानू गुप्ता के लगभग पांच घंटे से अधिक विलम्ब से आने के चलते कार्यक्रम को संक्षिप्त कर दिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम गोविन्द एण्ड पार्टी की ओर से प्रस्तुत किया गया जबकि मंच का संचालन सेवानिवृत अध्यापक और कुशल वक्ता जय प्रकाश त्रिपाठी ने किया।
इस दौरान सभी अतिथियों और मुख्य अतिथि के निशाने पर जीएसटी और खाद्य सुरक्षा विभाग ही अधिक रहा जबकि सभी ने संगठन की उपलब्धि गिनाते हुए दशहरा मिलन जैसे धार्मिक आयोजन में संगठन विस्तार पर अधिक जोर दिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष धनीराम गुप्ता,जिला महामंत्री आशीष शिवहरे,नगर अध्यक्ष अजयराज गुप्ता, नगर प्रभारी मेहेर कुमार,शांतम गुप्ता,अमित गुप्ता, मोहित ओमर,शिवम् सोनी सहित कार्यकारिणी के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
