
घर में खोल रखी थी हथियारों की फैक्ट्रीः
मनावर में दो गिरफ्तार, हथियार बनाने के औजार-मशीनें जब्त
राहुल सेन मांडव
मो 9669141814
मनावर न्यूज/मनावर के बाकानेर गांव में पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली दो मिनी फैक्ट्रियों पर छापा मारा। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। भारी मात्रा में हथियार व उन्हें बनाने का सामान भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने बाकानेर के सिकलीगर मोहल्ले में दबिश दी। यहां से तीन देसी कट्टे, दो आधे बने हुए कट्टे, मैग्जीन के टुकड़े, पिस्टल के फर्मे, बैरल, लोहे के हथौड़े, भट्टी पंखा, ग्राइंडर मशीन, ड्रिल मशीन, लोहे की कानस, संडासी, इलेक्ट्रिक बोर्ड, लोहे का गत्ता, ग्राइंडर मशीन के पत्ते और प्लाइवुड सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है।गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जगतसिंह उर्फ जग्गा पिता सेवासिंह भाटिया और आजादसिंह पिता भगतसिंह भाटिया के रूप में हुई है। दोनों आरोपी सिकलीगर मोहल्ला, बाकानेर के निवासी हैं।एसडीओपी अनु बेनीवाल ने बताया कि पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अवैध हथियार खरीदने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है।वहीं चौकी प्रभारी प्रशांत पाल ने बताया कि रविवार को मुखबिर की सूचना पर मनावर और चौकी बाकानेर की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।


