
। अलीगढ़ न्यूज
बाढ़ प्रभावितों की सहायता में जुटा प्रशासन, प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
अभी तक नहीं हुई कोई जनहानि, राहत कार्यों में आगे भी बरती जाए सतर्कता
–मा0 जनपद प्रभारी मंत्री
अलीगढ़ 11 सितम्बर 2025 प्रदेश के मा0 गन्ना विकास एवं चीनी मिलें एवं जनपद प्रभारी मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने गुरुवार विकास खण्ड टप्पल के सभाकक्ष में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पशुपालन, सिंचाई, लोक निर्माण, खाद्य आपूर्ति, पंचायत, विकास तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की।
मा0 प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह आपदा की घड़ी है, अतः सभी विभागीय अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, निष्ठा, तत्परता एवं ईमानदारी के साथ करें। उन्होंने एसडीएम शिशिर सिंह को निर्देशित किया कि प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरण में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए और फसल व संपत्ति नुकसान का सर्वे पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए।
मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में अभी तक किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। उन्होंने निर्देश दिए कि बाढ़ के उपरांत पैदा होने वाली दुश्वारियों से भी पूरी सजगता से निपटा जाए, किसी भी स्तर से लापरवाही से जनहानि न होने पाए। यमुना नदी का जलस्तर अब कम होने लगा है, ऐसे में संक्रामक रोगों की संभावना को रोकने के लिए स्वास्थ्य एवं पशुपालन विभाग की टीम पूरी सतर्कता से गांव-गांव में कैंप लगाकर हालात पर नजर बनाए रखें। आवश्यकतानुसार संक्रमित व्यक्तियों एवं पशुओं का ससमय ईलाज किया जाए।
लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया है कि महाराजगढ़ में पुल निर्माण का प्रस्ताव तैयार करते हुए टूट-फूट एवं कटान वाली सड़कों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर आरंभ किया जाए। इसी प्रकार ग्रामों में विद्युत आपूर्ति शीघ्र सामान्य की जाए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि सर्वे व राहत वितरण कार्य में किसी प्रकार की शिकायत नहीं आनी चाहिए, इसे सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। प्रभारी मंत्री ने विश्वास दिलाया कि प्रदेश सरकार संकट की इस घड़ी में बाढ़ पीड़ितों के साथ संवेदना और सहयोग से खड़ी है तथा हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
एसडीएम शिशिर सिंह ने बताया कि महाराजगढ़ एवं पखोदना में बाढ़ की स्थिति देखने को मिली है। प्राथमिक विद्यालय किशनपुर एवं किसान इंटर कॉलेज पखोदना में बाढ़ चौकी की स्थापना की गई। किसान इंटर कॉलेज के साथ की उपमण्डी टप्पल में बाढ़ग्रस्त परिवारों के आश्रय स्थल बनाया गया। महाराजगढ़, घरबरा, शेरपुर, रामगढ़ी, नगला चंडीगढ़, धारागढ़ी, नगला अमर सिंह, ऊटासानी, पखोदना, नगला रामस्वरूप में राहत सामग्री का वितरण किया गया है।
इस अवसर पर सीडीओ प्रखर कुमार सिंह, एडीएम वित्त प्रमोद कुमार, एसडीएम शिशिर सिंह, सीओ वरुण कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।