A2Z सभी खबर सभी जिले कीकृषि

किसानों को फलदार वृक्ष के बाग-बगीचे लगाने की सलाह

प्राकृतिक खेती को वर्तमान समय में अति आवश्यक

प्राकृतिक खेती पर कृषक-वैज्ञानिक वार्ता का आयोजन
‎जहानाबाद /रणजीत कुमार। संयुक्त कृषि भवन, काको रोड जहानाबाद के सभागार में आत्मा जहानाबाद के द्वारा प्राकृतिक खेती विषय पर कृषक-वैज्ञानिक वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ वरीय वैज्ञानिक-सह-प्रधान कृषि विज्ञान केंद्र, गंधार- डॉ मुनेश्वर प्रसाद एवं उप परियोजना निदेशक आत्मा, जहानाबाद- राकेश कुमार के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। उप परियोजना निदेशक आत्मा-राकेश कुमार के द्वारा बताया गया कि कृषि विभाग एवं नमामि गंगे परियोजना के तहत प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में आत्मा द्वारा प्राकृतिक खेती विषय पर कृषक वैज्ञानिक वार्ता का आयोजन किया गया है। अपने सम्बोधन में डॉ मुनेश्वर प्रसाद के द्वारा प्राकृतिक खेती को वर्तमान समय में अति आवश्यक बताया। उनके द्वारा देशी गाय पालन के साथ-साथ प्राकृतिक खेती करने की सलाह दी गई। उन्होंने बीजामृत, जीवामृत, घणामृत एवं नीमास्त्र के प्रयोग के बारे जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित किसानों को रासायनिक कीटनाशकों के स्थान पर प्राकृतिक रूप से नीम, गौमूत्र, गुड़, गोबर, बेसन, पेड़ के नीचे की मिट्टी आदि के द्वारा तैयार किए जाने वाले उत्पादों के प्रयोग करने पर जोर दिया। प्राकृतिक खेती करने से मिट्टी एवं जल संरक्षित होने के साथ-साथ उससे उत्पादित अनाज, फल, सब्जी आदि  को खाने से मानव का स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा। प्राकृतिक खेती प्रणाली में लागत ना के बराबर लगता है और उपज भी अच्छी होती है। इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति भी बरकरार रहती है। वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन को देखते हुए उनके द्वारा किसानों को फलदार वृक्ष के बाग-बगीचे लगाने की सलाह दी गई। इससे किसानों को अतिरिक्त आमदनी भी होगी और पेड़-पौधे के सुखी हुई पत्ती, टहनी, फसल अवशेष का उपयोग प्राकृतिक खेती में किया जा सकता है।  कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी-संभावना, सहायक निदेशक, रसायन-सह-नोडल पदाधिकारी, प्राकृतिक खेती योजना-श्वेता प्रिया, कृषि विज्ञान केंद्र, गंधार के वैज्ञानिक- डॉ निराला कुमार एवं वर्षा कुमारी, प्रखण्ड तकनीकी प्रबंधक-राकेश कुमार एवं प्रगतिशील कृषक-विश्वनाथ यादव विशेषज्ञों द्वारा प्राकृतिक खेती के अन्य आयामों पर विस्तृत चर्चा की गई। मौके पर आत्मा कर्मियों के साथ-साथ किसानों में प्रशांत कुमार, सुमन कुमार सिंह, इंद्रदेव सिंह, रामछपित प्रसाद, लक्ष्मीकांत आजाद, गौरव कुमार, अनिल, संजय कुमार आदि उपस्थित थे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!