
खरगोन शिवडोला 11 अगस्त को
शिवडोला में गूंजेगा “जो बोले सो निहाल सत श्री अकाल”, बल्ले-बल्ले भी होगी
– पंजाब के गतका दल सहित दिल्ली का भांगड़ा व गिद्दा दल देगा प्रस्तुति
*खरगोन। अधिष्ठाता भगवान श्री सिद्धनाथ महादेवजी भादौ बदी दूज, सोमवार, 11 अगस्त को प्रजा का हाल जानने के लिए नगर भ्रमण करेंगे। शिवडोला में मप्र पंजाबी साहित्य अकादमी एवं गुरु सिंघ सभा के तत्वावधान में पंजाब का गतका दल सहित दिल्ली का भांगड़ा व गिद्दा दल प्रस्तुतियां देगा। शिवडोला में भोले शंभू भोलेनाथ के जयकारों के बीच “जो बोल सो निहाल, सत श्री अकाल” एवं “बल्ले-बल्ले” की गूंज सुनाई देगी।
सार्वजनिक श्रावण मास समारोह समिति श्री सिद्धनाथ महादेव मंदिर भावसार मोहल्ला खरगोन के प्रवक्ता प्रकाश भावसार ने बताया 11 अगस्त को निकलने वाले शिवडोला की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शिवडोला समिति के समक्ष झांकी, अखाड़ों, नृत्य दल, सेवा स्टॉल आदि की प्रविष्ठियां निरंतर प्राप्त हो रही हैं। प्राप्त प्रविष्ठियों के आधार पर समिति द्वारा शिवडोला में शामिल होने संबंधी अनुमति प्रदान की जाएगी। समिति के सहसचिव एवं पंजाबी साहित्य अकादमी भोपाल के क्षेत्रीय समन्वय संयोजक सरदार कमलजीतसिंह गांधी ने बताया अकादमी के निदेशक सरदार इंद्रजीतसिंह खनूजा के नेतृत्व में शिवडोला में प्रस्तुतियां दी जाएगी। दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंघजी ने सनातन धर्म की रक्षा के लिए अपने सिंघों को गतका युद्धकला सिखायी थी। गतका दल सहित पंजाब के पारंपरिक नृत्य गिद्दा एवं भांगड़ा को प्रदेश में जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पंजाबी साहित्य अकादमी मध्यप्रदेश शासन भोपाल द्वारा प्रदेश के बड़े उत्सव खरगोन शिवडोला में इसकी प्रस्तुति दी जाएगी। सनावद रोड पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र के सामने अस्थायी मंच लगाकर उक्त प्रस्तुतियां दी जाएगी। पंजाबी वीरों की प्रस्तुतियों से शिवडोला में जो बोले सो निहाल सत श्री अकाल… के जयकारे तो सुनाई देंगे ही, साथ ही गिद्दा एवं भंगड़ा की प्रस्तुति से दर्शक बल्ले-बल्ले करने को मजबूर हो उठेंगे। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक अविनाशजी जैसवाल दिल्ली एवं अंतरराष्ट्रीय संत प्रमुख स्वामी डा. रामेश्वरानंदजी हरी पुष्कर (राजस्थान) मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। आयोजन में श्री गुरुसिंघ सभा खरगोन का विशेष सहयोग प्राप्त होगा। श्री गुरुसिंघ सभा के संरक्षक सरदार मंजीतसिंह चावला, प्रधान सरदार हरचरणसिंह भाटिया, लंगर कमेटी प्रधान जसबीरसिंह भाटिया, शिवडोला समिति अध्यक्ष नवनीतलाल भंडारी ने निमाड़ की समस्त धर्मप्रेमी जनता से इन प्रस्तुतियों का आनंद लेने का आह्वान किया है।
*निःशुल्क चिकित्सा सेवा स्टॉल लगेगा
भगवान श्री सिद्धनाथ जी के शिवडोला में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सेवाभावी संगठन, संस्थाओं द्वारा विभिन्न प्रकार के सेवा मंच लगाए जाते हैं। इसी कड़ी में नगर के विजयलक्ष्मी हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर द्वारा शिवडोले में आने वाले श्रद्धालुओं का आकस्मिक रूप से निःशुल्क प्राथमिक चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के लिए अपनी प्रविष्ठी दर्ज कराई है। अस्पताल संचालक परसराम चौहान ने बताया डायवर्शन रोड पर गायत्री मंदिर के पास चिकित्सा सेवा मंच लगाया जाएगा। शिवडोला में लाखों श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में उन्हें स्वास्थ्य सेवा की आवश्यकता भी रहती है। निःशुल्क चिकित्सा सेवा मंच के माध्यम से रक्तचाप जांच कर प्राथमिक चिकित्सा, स्वास्थ्य शिक्षा एवं परामर्श प्रदान किया जाएगा।