
मलकानगिरी/ओडिशा: मलकानगिरी ज़िले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोता पका पंचायत के कटामाटेरू गांव में शनिवार देर रात दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प से क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया है। इस घटना में सात लोग घायल हो गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, झड़प किस कारण से हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन मामूली विवाद ने उग्र रूप ले लिया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। सभी घायलों को जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मलकानगिरी के ज़िला कलेक्टर आशिष ईश्वर पाटिल, पुलिस अधीक्षक बिनोद पाटिल, उप-कलेक्टर दुर्योधन भोई तथा अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायज़ा लिया।
प्रशासन द्वारा गांव में शांति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं और पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की है।
पुलिस का कहना है कि घायलों का इलाज जारी है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।