उत्तर प्रदेशशाहजहाँपुर

**सीएमओ ने किया अल्‍लाहगंज सीएचसी का निरीक्षण, गंदगी पर जताई नाराजगी**

शाहजहांपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वी.के. मिश्रा ने अल्लाहगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ को अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था लचर मिली, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अधीक्षक को तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के समय डॉक्टर सौभाग्य कटियार एवं डॉक्टर अनम खान अपने कक्ष में उपस्थित मिले। वहीं, लेबर रूम की जांच के दौरान स्टाफ सुमन सिंह मौजूद रहीं। सीएमओ ने रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए, साथ ही प्रसव के तुरंत बाद शिशु को स्तनपान कराने की सलाह दिए जाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने ओपीडी को मुख्य गेट के पास स्थित कक्ष में संचालित करने के निर्देश दिए, जिससे मरीजों को सुविधाजनक सेवाएं मिल सकें। साथ ही, विभिन्न चिकित्सकों के लिए अलग-अलग कक्ष निर्धारित कर बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।फार्मासिस्ट देवेश मिश्रा से दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली गई। सीएमओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी आवश्यक दवा की कमी न हो। यदि कोई दवा समाप्त हो रही हो, तो उसकी तत्काल मांग (इंडेंट) भेजकर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सभी स्टाफ को निर्धारित ड्रेस कोड में रहने और नाम की नेमप्लेट लगाकर ही मरीजों को देखने की सख्त हिदायत दी गई। इस अवसर पर जलालाबाद सीएचसी प्रभारी डॉ. सोमेश अग्निहोत्री समेत अन्य स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!