
सुलेखन प्रतियोगिता से भी संवारा जाएगा सरकारी विद्यालय की छिपी प्रतिभाओं को नवादा जिला पत्रकार संगठन की बैठक में लिए गए कई निर्णय, सांगठिनक मजबूती पर चली चर्चा कौआकोल।
बाल प्रतिभाओं को निखारने के लिए नवादा जिला पत्रकार संगठन जिले भर में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन कराएगा। इसके अलावा सुलेखन प्रतियोगिता करा कर सरकारी विद्यालय की छिपी प्रतिभाओं को संवारा जाएगा। नवादा जिला पत्रकार संगठन की एक महती बैठक में यह निर्णय लिए गए।
बैठक में सांगठिनक मजबूती पर भी चर्चा चली। दो सत्र में बंटे इस कार्यक्रम का आयोजन कौआकोल प्रखंड के सोखादेवरा स्थित जेपी आश्रम स्थित राजेन्द्र भवन सभागार में किया गया। जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार रवि की अध्यक्षता में पहले सत्र में संगठन के विगत बैठक की पुष्टि के अलावा आगामी कार्यक्रमों का निर्धारण किया गया। ट्रस्ट निर्माण कर संगठन का रजिस्ट्रेशन और इसके बाद आईडी कार्ड जारी करने पर सहमति बनी।
जबकि स्मारिका प्रकाशन को लेकर संपादक राजेश मंझवेकर ने आलेख भेजने की समय सीमा निर्धारण और विज्ञापन आदि को लेकर सर्वानुमति से निर्णय लिए। इसके बाद दूसरे सत्र का आरम्भ हुआ।
जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार रवि की अध्यक्षता और ग्राम निर्माण मंडल सर्वोदय आश्रम सोखोदेवरा के प्रधानमंत्री अरविंद कुमार समेत कौआकोल थाना के इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष दीपक कुमार,वन क्षेत्र पदाधिकारी सौरभ कुमार व स्वदेशी संस्कार संस्थान के प्रबंध निदेशक योगी त्यागनाथ समेत डॉ.भारत भूषण शर्मा,केवीके के वैज्ञानिक अंगद कुमार,जिला जदयू उपाध्यक्ष सह पैक्स अध्यक्ष रामाश्रय सिंह एवं छबैल मुखिया भोला गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति में संगठन के महत्व और संगठन के कार्यों में ग्राम निर्माण मंडल की भागीदारी समेत पत्रकारिता के आदर्श और शुचिता पर चर्चा चली।
संगठन संयोजक राजेश मंझवेकर के मंच संचालन में संगठन के वरीय उपाध्यक्ष अशोक कुमार,सचिव रविन्द्र कुमार पांडेय,कोषाध्यक्ष आशुतोष कुमार समेत सभी वक्ताओं ने पत्रकारों में ऊर्जा भरी। संगठन की कौआकोल इकाई के अध्यक्ष नवीन कुमार समेत शिवशंकर सिंह,रौशन कुमार सोनू,शैलेश कुमार आर्य, दशरथ मिस्त्री,कुमार शानू,अमित कुमार,रामानुग्रह सिंह, रजनीश कुमार,नरेंद्र वर्मा आदि पत्रकारों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
इस क्रम में संगठन के पदाधिकारियों व अतिथियों ने जेपी,विनोबा भावे और महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा पुष्पांजलि अर्पित की और नमन कर उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन स्थानीय पत्रकार रौशन कुमार सोनु ने किया।
मौके पर पत्रकार मनोज कुमार,राहुल कुमार,गौरव कुमार,राजेश सिन्हा ,रवि सिंह,दिनेश कुमार पिंकू,ऋषभ कुमार के साथ जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए दर्जनों पत्रकार मौजूद थे।