
संदिग्ध परिस्थितियों मे विवाहिता की मौत, ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप
लालगंज, प्रतापगढ़। लीलापुर थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों मौत को लेकर मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज करने की बात कही है। लीलापुर थाना क्षेत्र के देवली गांव के गोपाल दुबे का पुरवा में गांव के आनंद दुबे की पत्नी चांदनी दुबे 27 शनिवार की सुबह अपने कमरे में बिस्तर पर मृत मिली। चांदनी को मृत देख उसकी ससुराल में हडकंप मच गया। ससुरालीजनों ने चांदनी के मायके पक्ष के परिजनों को फोन पर उसकी मौत की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पहुंचे मायके पक्ष के लोग चांदनी की मौत को लेकर आक्रोशित हो उठे। इधर मृतका के भाई लालगंज कोतवाली के अझारा निवासी गंगा प्रसाद तिवारी के पुत्र लवकेश तिवारी ने पुलिस को ससुरालीजनों के खिलाफ बहन की दहेज हत्या को लेकर तहरीर दी है। तहरीर में लवकेश ने कहा है कि उसकी बहन की शादी आनन्द दुबे पुत्र स्व. धर्मेन्द्र दुबे के साथ बारह दिसंबर 2016 में हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही मृतका का पति आनन्द व सास रेखा देवी दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। तहरीर में कहा गया है कि कई बार मायके व ससुराल पक्ष के लोगों के बीच विवाद को लेकर सुलह समझौता भी हुआ। तहरीर में कहा गया है कि मृतका का पति आनन्द पांच लाख रूपये की दहेज की मांग पूरी न होने पर दूसरी शादी की भी धमकी देने लगा था। वहीं मृतका के ससुराल पक्ष के लोगों के मुताबिक चांदनी शुक्रवार की रात सबका खाना बनाने के बाद खुद खाना खाकर कमरे में सोने चली गयी थी। उसका पति आनन्द बाहर सोया हुआ था। शनिवार की सुबह घर के लोग सुबह उठे और चांदनी को काफी देर तक बाहर न देख उसके कमरे मे आवाज लगाने लगे। अनहोनी की आशंका में कमरे मे झांक कर देखा तो चांदनी बिस्तर पर मृत देखी गयी। तब मृतका के पति ने फोन पर मायके पक्ष के लोगों को घटना की सूचना दी। मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे तो चांदनी को ससुरालीजनों पर जहर देकर मार डालने का आरोप लगाने लगे। इधर सूचना पर लीलापुर एसओ नरेन्द्र फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के समझाने बुझाने पर भी मायके पक्ष के लोगों का आक्रोश कम नही हुआ। इस पर लालगंज तहसील के नायब तहसीलदार पंकज कुमार मौके पर पहुंचे और मायके पक्ष के लोगों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। तब कही जाकर पुलिस शव का पंचनामा कर उसे पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेजवा सकी। मृतका के दो पुत्र अभि 05 व युग 02 मां को शान्त पड़ा देख परेशान दिखे। वहीं सूत्रों के मुताबिक विवाहिता की मौत को लेकर बगल के गलियारे मे जहर की पुड़िया मिलने की बात भी जोर शोर से सुनने को मिली। पुड़िया को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। ससुराल पक्ष के लोगों की माने तो चांदनी की मौत किसी जहरीले जन्तु के काट लेने से हुई है। एसओ नरेन्द्र सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है, आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस बाबत जिले के अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी संजय राय ने भी घटना की जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।