
आतंकवादियों के लिए आंसू बहाने वाली कांग्रेस खो चुकी है देश का भरोसा : पीएम मोदी
आगे पीएम मोदी ने कहा, जब मैं विकसित भारत कहता हूं, तो कांग्रेस वालों का और दुनिया में बैठी कुछ ताकतों का माथा गरम हो जाता है। अगर भारत शक्तिशाली हो गया, तो कुछ ताकतों का खेल बिगड़ जाएगा। अगर भारत आत्मनिर्भर बन गया, तो कुछ ताकतों की दुकान बंद हो जाएगी। इसलिए वो भारत में कांग्रेस और इंडी गठबंधन की कमजोर सरकार चाहते हैं। कांग्रेस, हिंसा फैलाने वालों का समर्थन कर रही है, उन्हें शहीद बता रही हैकांग्रेस की सबसे बड़ी नेता, आतंकवादियों के मारे जाने पर आंसू बहाती हैं। ऐसी ही करतूतों के कारण कांग्रेस देश का भरोसा खो चुकी है। कांग्रेस सिर्फ आपके आरक्षण को ही लूटना नहीं चाहती है, इनके और भी कारनामें हैं।कांग्रेस के इरादे नेक नहीं हैं। इनके इरादे… संविधान के अनुरूप नहीं हैं, सामाजिक न्याय के अनुरूप नहीं हैं। अगर आपके आरक्षण की कोई रक्षा कर सकता है, तो सिर्फ और सिर्फ भाजपा कर सकती है। वर्षों पहले, कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश में धर्म के आधार पर आरक्षण देने का प्रयास किया था। फिर कांग्रेस ने इसे पूरे देश में लागू करने की योजना बनाई। कांग्रेस ने कहा कि SC/ST और ओबीसी का जो कोटा है, उसमें से चुरा कर धर्म के आधार पर कुछ लोगों को आरक्षण दिया जाए। जब संविधान बन रहा था, तब बाबा साहेब आंबेडकर के नेतृत्व में तय किया गया था कि भारत में धर्म के अनुसार आरक्षण नहीं होगा। लेकिन वोट बैंक की भूखी कांग्रेस ने इन महापुरुषों की बातों की परवाह नहीं की, संविधान की पवित्रता की परवाह नहीं की और न ही बाबा साहेब आंबेडकर के शब्दों की परवाह की। जब कांग्रेस का घोषणापत्र आया, उसी दिन मैंने कह दिया था कि कांग्रेस के घोषणापत्र पर मुस्लिम लीग की छाप है।
आप जो अपनी मेहनत से संपत्ति जुटाते हैं, वो आपके बच्चों को नहीं मिलेगी। कांग्रेस का पंजा वो भी आपसे लूट लेगा। कांग्रेस का मंत्र है- कांग्रेस की लूट जिंदगी के साथ भी और जिंदगी के बाद भी। शाही परिवार के शहजादे के सलाहकार ने कुछ समय पहले कहा था कि मिडिल क्लास पर और ज्यादा टैक्स लगाना चाहिए। अब ये लोग इससे भी एक कदम और आगे बढ़ गए हैं। अब कांग्रेस का कहना है कि वो Inheritance Tax लगाएगी, माता-पिता से मिलने वाली विरासत पर भी टैक्स लगाएगी। जब तक आप जीवित रहेंगे, तब तक कांग्रेस आपको ज्यादा टैक्स से मारेगी और जब जीवित नहीं रहेंगे, तब आप पर Inheritance Tax का बोझ लाद देगी। पूरी कांग्रेस पार्टी को अपनी पैतृक संपत्ति मानकर जिन लोगों ने अपने बच्चों को दे दी, अब वो नहीं चाहते कि भारतीय अपनी संपत्ति अपने बच्चों को दें।