
राहुल गांधी व अखिलेश यादव ने विधायक मोना को दी जन्मदिन की बधाई, समर्थकों के खिले चेहरे
लालगंज, प्रतापगढ़। लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान के तहत शनिवार को राहुल गांधी द्वारा क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्रा मोना को जन्मदिन पर बधाई देने की जानकारी मिलने पर यहां कांग्र्रेसियों के चेहरे खिल उठे दिखे। कार्यकर्ताओं का उत्साह आराधना मिश्रा मोना को राहुल गांधी के साथ सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा भी गठबंधन के मंच पर बधाई देने को लेकर और भी बढ़ गया नजर आया। शनिवार को अमरोहा में इण्डिया गठबंधन की रैली में मंच पर जैसे ही प्रदेश कांग्रेस विधान मण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना पर राहुल गांधी की नजर पड़ी वह उन्हें जन्मदिन की बधाई देने लगे। राहुल गांधी आराधना मिश्रा मोना की ओर मुखातिब होते हुए उनका यह कहकर हौसला बढ़ाया कि जन्मदिन पर भी वह गठबंधन की मजबूती को लेकर रैली में मौजूद हैं। वहीं मंच पर ही सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी विधायक मोना को जन्मदिन पर बधाई दी। दोपहर बाद जानकारी यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हुई तो कैम्प कार्यालय पर विधायक मोना का जन्मदिन मना रहे कार्यकर्ताओं के चेहरे खिल उठे दिखे। यह जानकारी मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल के हवाले से यहां दी गयी है।