दीपक शर्मा जिला ब्यूरोचिफ आलीराजपुर
चंद्रशेखर आजाद नगर
जिला अलीराजपुर चंद्रशेखर आजाद नगर। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा जनपद पंचायत चंद्रशेखर आजाद नगर के सभागार में विकासखंड स्तरीय "प्रस्फुटन शक्ति ऊर्जा संचय" प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विकासखंड की प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों में नई ऊर्जा एवं कार्यप्रेरणा का संचार करना, उनके द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं विकासात्मक कार्यों की समीक्षा करना तथा आगामी अभियानों की कार्ययोजना से अवगत कराना था, ताकि समितियां अपने-अपने ग्रामों में जनभागीदारी के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर सकें।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत चंद्रशेखर आजाद नगर के मुख्य अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी नितिन पाटीदार एव म. प्र.जनअभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री दीपक जगताप रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
प्रथम सत्र में अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी नीतिन पाटीदार ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रस्फुटन समितियां ग्राम स्तर पर जागरूकता बढ़ाने तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने समिति सदस्यों से प्रत्येक ग्राम में सक्रिय रहकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन से समन्वय स्थापित कर सहयोग प्राप्त करने का आग्रह किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनपद पंचायत द्वारा समितियों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
द्वितीय सत्र में परामर्श दाता श्री गोपाल चौहान ने अपने अनुभव साझा करते हुए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने ग्रामीणों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा आंगनवाड़ी केन्द्रों के माध्यम से बच्चों में भोजन से पूर्व हाथ धोने जैसी अच्छी आदतें विकसित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ऐसे छोटे-छोटे प्रयास ग्रामीण समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
