तहसील प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में कराई गई जमीन की पक्की मेढ़बंदी (तूदाबंदी) को दबंगों ने ट्रैक्टर से जोतकर नष्ट कर दिया और जमीन पर दोबारा अवैध कब्जा कर लिया। पीड़ित की तहरीर पर सिरौली थाना पुलिस ने तीन नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आंवला (बरेली)सुभाषनगर के तिलक कॉलोनी निवासी वीरेश कुमार सक्सेना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ग्राम आराजी व्योंधन बुजुर्ग स्थित गाटा संख्या 146 की जमीन को लेकर उप जिलाधिकारी (न्यायिक) आंवला के न्यायालय से 19 अगस्त 2026 को पक्की तूदाबंदी के आदेश पारित हुए थे। इस आदेश के पालन में 25 सितंबर 2026 को तहसीलदार आंवला ने पुलिस बल की मौजूदगी में ग्राम ब्यौधन खुर्द निवासी नरेश का अतिक्रमण हटवाकर जमीन पर कब्जा दिलाया था और मौके पर पक्के तूते (मेढ़ के निशान) लगवाए थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार, पैमाइश और मेढ़बंदी के समय ही आरोपी नरेश के पुत्र सुनील और सहयोगी गिरीश चंद्र ने पुलिस व अधिकारियों के जाने के बाद खेत को दोबारा जोतकर अपने खेत में मिलाने की धमकी दी थी। आरोप है कि 16 नवंबर 2026 को आरोपियों ने ट्रैक्टर से खेत जोतकर सरकारी तूदाबंदी को पूरी तरह मिटा दिया
ग्रामीणों से सूचना मिलने पर पीड़ित ने मौके पर पहुंचकर जोते गए खेत की तस्वीरें खींचीं।
साक्ष्यों के साथ दी गई तहरीर के आधार पर सिरौली पुलिस ने आरोपी नरेश, उसके पुत्र सुनील, गिरीश चंद्र और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।