हमीरपुर। जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में नगर विकास विभाग से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के समस्त नगर निकायों में संचालित एवं प्रस्तावित विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था, गौशालाओं के प्रबंधन तथा नगरीय सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में सभी नगर निकायों में फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) के निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए नगर पंचायत कुरारा एवं गोहांड में भूमि चिह्नांकन का कार्य अभी तक पूर्ण न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) के अधिशासी अभियंता के बैठक में अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने उनका स्पष्टीकरण तलब करने तथा एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्व में चिन्हित स्थलों पर एफएसटीपी निर्माण हेतु डीपीआर तैयार कराने के निर्देश दिए। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ कराने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने नगर निकायों में संचालित निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने तथा पूर्ण हो चुके कार्यों का नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब न किया जाए तथा सभी कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
शीत ऋतु के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने सभी गौशालाओं में आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखने तथा गौशालाओं को चारों तरफ से तिरपाल से ढकने के निर्देश दिए। साथ ही नगरीय क्षेत्रों में घूम रहे अन्ना गोवंश को पकड़कर गौशालाओं में संरक्षित कराने तथा उनके समुचित भरण-पोषण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
नगरों की साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों को प्रतिदिन प्रातः अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करने तथा जियो-टैग फोटो उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता एवं जनसुविधाओं के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में नगर निकायों के समस्त अधिशासी अधिकारी, प्रभारी अधिकारी एवं अपर प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय, स्थानीय निकाय सहायक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
