सरीला हमीरपुर। गोहाण्ड-कालपी मार्ग पर झबरा चौराहे के बस स्टैंड पर लगा हैंडपंप करीब एक माह से खराब पड़ा है।
जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों को पेयजल की समस्या से जूझना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी महेंद्र कुमार, जयपाल, ब्रजेंद्र शर्मा और चुन्ना राजपूत ने बताया कि झबरा चौराहे पर लगा यह हैंडपंप आसपास के क्षेत्र के लोगों और यात्रियों के लिए पानी का एकमात्र साधन है।
यहां से इंदरपुरा, लोधीपुरा, जिटकिरी और जमौड़ी सहित कई गांवों के लोग बस पकड़ने के लिए आते हैं। ऐसे में बस का इंतजार करने वाले यात्रियों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ता है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि हैंडपंप खराब होने के कारण वे किसी तरह दूसरे लोगों के ट्यूबवेल से पानी भरकर अपनी जरूरत पूरी कर रहे हैं, लेकिन रात के समय गुजरने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। प्यास बुझाने के लिए लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ता है।
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से जल्द से जल्द हैंडपंप की मरम्मत कराकर पेयजल व्यवस्था सुचारु कराने की मांग की है, ताकि राहगीरों और स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।
