सुमेरपुर हमीरपुर । सुमेरपुर ब्रांच की साफ सफाई नहीं होने तथा पलेवा के लिए अभी तक पानी नहीं छोड़े जाने की खबर प्रकाशित होते ही नींद से जागे विभाग ने बुधवार को नहर की साफ-सफाई शुरू कराकर 25 नवंबर तक पानी देने के संकेत दिए हैं।
मौदहा बांध की सुमेरपुर ब्रांच की साफ सफाई नहीं होने तथा पलेवा के लिए पानी नहीं छोड़ जाने की खबर को समाचार पत्र ने 17 नवंबर के अंक में प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया था। खबर के छपने के उपरांत नींद से जागे नहर विभाग ने बुधवार को नहर की साफ सफाई के कार्य में तेजी दिखाते हुए 25 नवंबर से पलेवा के लिए पानी छोड़ने के संकेत दिए हैं।
मौदहा बांध की सुमेरपुर ब्रांच से ब्लॉक के बंडा, अतरार, मवई जार, चंदौली जार, नदेहरा, बिदोखर मेदनी, शादीपुर, बिदोखर पुरई के मौजे के किसानों को पानी मिलता है लेकिन दुर्भाग्य है कि पिछले 4 दशको में किसानों को कभी पलेवा के लिए समय पर पानी नहीं मिला है। जिससे किसान मजबूर होकर पलेवा निजी नलकूपों से पानी खरीदकर कर रहे हैं।
किसान ऐनुद्दीन, सुरेश गुप्ता, बरदानी सविता, मैया दीन यादव, भूपेंद्र द्विवेदी, छुटकु भदोरिया, वरदानी कुशवाहा आदि बताते है कि पलेवा नवंबर माह के प्रथम पखवारे में हो जाना चाहिए। तभी समय से रबी की फसलें बो सकते हैं।
लेकिन नवंबर माह मे नहर विभाग पानी नहीं दे पा रहा है। इससे किसान परेशान है।
मौदहा बांध के सहायक अभियंता वैभव कुमार गुप्ता ने बताया कि मेन ब्रांच की सफाई हो रही है। यह कार्य 23 नवंबर तक पूर्ण होने की उम्मीद है।
मेन ब्रांच की सफाई के बाद ही बांध से पानी छोड़ा जाएगा। 25 नवंबर के बाद मेन ब्रांच से अन्य ब्रांच में पानी दिया जाएगा।
