दबंगों का कहर ट्रैक्टर चलाकर पक्के तूते उखाड़कर खेत पर फिर किया कब्जा
आंवला (बरेली)। तहसील क्षेत्र के ग्राम ब्योंधन बुजुर्ग में प्रशासन द्वारा की गई पक्की तूताबंदी (मेढ़बंदी) को दबंगों ने ट्रैक्टर चलाकर ध्वस्त कर दिया और जमीन को फिर से जोतकर अपने खेत में मिला लिया।
पीड़ित ने इस संबंध में सोमवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) आंवला को शिकायती पत्र सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सुभाषनगर (बरेली) की तिलक कॉलोनी निवासी वीरेश कुमार सक्सेना ने एसडीएम को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उपजिलाधिकारी (न्यायिक) आंवला के न्यायालय द्वारा ग्राम ब्योंधन बुजुर्ग स्थित गाटा संख्या 146 (सरिता श्रीवास्तव बनाम नरेश आदि) में 19 अगस्त 2026 को पक्की तूताबंदी का आदेश पारित किया गया था।
इस आदेश के अनुपालन में तहसीलदार आंवला ने 25 सितंबर 2026 को पुलिस बल की मौजूदगी में ब्योंधन खुर्द निवासी विपक्षी नरेश पुत्र राजाराम का अतिक्रमण हटवाकर मौके पर कब्जा दिलाया था और पक्के तूते लगवाकर मेढ़बंदी कराई थी। पीड़ित का आरोप है कि मेढ़बंदी के समय ही विपक्षी नरेश के पुत्र सुनील व सहयोगी गिरीश चन्द्र ने पुलिस व अधिकारियों के जाने के बाद खेत को दोबारा जोतने की धमकी दी थी।
सोमवार, 16 नवंबर को ग्रामीणों से सूचना मिली कि आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर सरकारी तूताबंदी को ट्रैक्टर से जोतकर समाप्त कर दिया है और मौके पर लगे पक्के तूते भी गायब कर दिए हैं। पीड़ित वीरेश सक्सेना ने घटनास्थल के फोटोग्राफ और तूताबंदी आदेश की प्रतियों को साक्ष्य के रूप में संलग्न करते हुए एसडीएम से न्याय की गुहार लगाई है
