संवाददाता निलेश कलसकर अखंड भारत न्यूज़ पांढुर्णा
पांढुर्णा, 18 अक्टूबर 2026। पांढुर्णा जिले में एक ही दिन में प्रशासनिक सख्ती, सामाजिक संस्कार और जनकल्याण का संगम देखने को मिला। कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त श्री बी.आर. वैद्य के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त सौंसर की टीम ने ग्राम मेहराखापा एवं सीतापार में अवैध शराब के अड्डों पर दबिश देकर नालों और जंगल की झाड़ियों में पन्नियों में छुपाकर रखा गया लगभग 1,800 किलोग्राम महुआ लाहन नष्ट किया और 30 लीटर हाथभट्टी कच्ची शराब जब्त की, जिस पर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) व 34(1)(च) के तहत तीन प्रकरण दर्ज किए गए, इस कार्रवाई में वृत्त प्रभारी कु. भारती गौंड, आरक्षक जितेंद्र धुर्वे एवं भावना हेड़ाऊ मौजूद रहे।
वहीं दूसरी ओर शासकीय सांदीपनि विद्यालय पांढुर्णा के प्राथमिक विभाग में नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्री वशिष्ठ एवं पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता डागर ने विधि-विधान से 401 कन्याओं का पूजन कर कन्याभोज कराया और शिक्षण सामग्री का वितरण किया, जिस पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी एच.बी. हांडे, प्राचार्य सी.एस. बरेठ और प्रधानाध्यापक प्रदीप डोबले सहित विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता जताई।
इसी दिन कहानी बदलाव की के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण से ग्राम पंचायत खेड़ी कला के हितग्राही श्री फत्तुसिंह परतेति और श्री जनार्दन कोल्हे का पक्के आवास का सपना साकार हुआ, दोनों हितग्राहियों ने सुरक्षित छत मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया।
साथ ही मध्यप्रदेश शासन के 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चले सेवा संकल्प अभियान एवं सेवा मेरा योगदान अभियान का समापन वृक्ष पूजन और प्रकृति संरक्षण की शपथ के साथ किया गया, जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं विकासखंड समन्वयक श्री दिलीप आठनेरे के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था अवध विद्यापीठ शिक्षण समिति द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र सावरगांव और प्रस्फुटन ग्राम भंदारगोंदी में महिलाओं को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई, तो वहीं ‘शक्ति से सृजन’ अभियान के अंतर्गत नवांकुर संस्था यूथ ऑफ सौंसर एसोसिएशन और वीरांगना रानी दुर्गावती आदिवासी संस्थान द्वारा ग्राम सांवली, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेरडी और प्राथमिक शाला कारली में माटी पूजन कर मुंगना, आम, करंजी के पौधे रोपे गए और पीपल के वृक्ष का पूजन कर प्रकृति-संस्कृति संरक्षण का संकल्प लिया गया, जिसमें वृक्ष मित्र अरुण गुरुजी ठाकरे सहित संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।
इसी क्रम में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय विज्ञान महाविद्यालय पांढुर्णा में प्राचार्य डॉ. शहनाज खान की अध्यक्षता में सेवा संकल्प अभियान के समापन पर प्रधानमंत्री के सुशासन सेवा संवाद का सीधा प्रसारण दिखाया गया, भाषण-चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया और ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधारोपण किया गया।
अंत में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस सप्ताह के अवसर पर सौंसर के हनुमान लोक जामसांवली में ग्रामीण आदिवासी समाज विकास संस्थान द्वारा संचालित मानसिक स्वास्थ्य परामर्श केंद्र में क्षेत्रीय मानसिक अस्पताल नागपुर और उड़ान जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के सहयोग से आयोजित शिविर में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमरेश मोहबे, मनोचिकित्सक डॉ. दीपक अवचट, डॉ. सैयद साकिब, डॉ. एन.के. शास्त्री और बीएमओ डॉ. रूपेश बोकडे ने मरीजों की जांच, परामर्श और निःशुल्क दवा वितरण किया और ग्रामीणों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
