दीपक शर्मा जिला ब्यूरोचिफ
चंद्रशेखर आजाद नगर:-
पुलिस अधीक्षक आलीराजपुर समर वर्मा ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, विक्रय एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु समस्त थाना प्रभारियों को निरंतर वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी तारतम्य में थाना चन्द्रशेखर आजाद नगर पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर दिनांक 15 नवंबर 2026 रात्रि में अवैध बीयर का परिवहन कर रहे पिकअप वाहन को जप्त करने में सफलता प्राप्त की है।
घटना का विवरण – दिनांक 15.11.2026 को रात्रि 23:50 बजे थाना चन्द्रशेखर आजाद नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग के पिकअप वाहन क्रमांक MP69ZC4406 में अवैध शराब भरकर भाबरा-कट्ठीवाड़ा रोड होते हुए परिवहन की जा रही है। सूचना पर थाना आजादनगर पुलिस टीम तत्काल कार्यवाही करते हुए मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान ग्राम बड़ी पोल तड़वी फलिया, कट्ठीवाड़ा-भाबरा रोड पर वाहन की घेराबंदी करनें पहुंचे।
इसी दौरान भाबरा की ओर से एक सफेद रंग का पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस टीम द्वारा वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, किंतु चालक वाहन को तेज गति से भगाकर ले गया।
पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। जप्ती की कार्यवाही – पुलिस टीम द्वारा पिकअप वाहन क्रमांक MP69ZC4406 की तलाशी लेने पर उसमें खाकी रंग की गत्ते की पेटियों में माउंट 6000 बीयर भरी हुई पाई गई, जिसे थानें लाया गया।
पिकअप वाहन से कुल 115 सीलबंद बीयर पेटियां बरामद हुईं। प्रत्येक पेटी में 24 टीन के केन, प्रत्येक केन में 500 एमएल बीयर भरी हुई पाई गई।
इस प्रकार कुल 2,760 केन में 1,380 लीटर बीयर होना पाया गया। जप्त बीयर की कुल कीमत 3,58,800 रुपये तथा पिकअप वाहन की अनुमानित कीमत 12,00,000 रुपये आंकी गई।
इस प्रकार शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहन सहित कुल 15,58,800 रुपये की सामग्री जप्त की गई। प्रकरण में नियमानुसार कार्यवाही करते हुये अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 34(1), 34(2) एवं 46 आबकारी एक्ट के अंतर्गत अपराध क्रमांक 491/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। अवैध शराब के विरुद्ध जिलेभर में निरंतर कार्यवाही
पुलिस अधीक्षक समर वर्मा ने बताया कि अवैध शराब के विरुद्ध आलीराजपुर पुलिस द्वारा संपूर्ण जिले में निरंतर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
विगत दो सप्ताह के भीतर जिलेभर में अवैध शराब के विरुद्ध 17 बड़ी कार्यवाहियों सहित कुल 137 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। इन कार्यवाहियों में कुल 13,328 बल्क लीटर अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 49,55,166/- रुपये है, जप्त की गई है।
साथ ही अवैध शराब के परिवहन में प्रयुक्त कुल 08 वाहन, जिनकी अनुमानित कीमत 42,45,000/- रुपये है, भी जप्त किए गए हैं। आलीराजपुर पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, विक्रय एवं परिवहन के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त एवं प्रभावी वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
