मौदहा (हमीरपुर)। इचौली और नायकपूर्वा गांव में करीब एक सप्ताह से ठप पेयजल आपूर्ति को लेकर ग्रामीणों के लगातार दो दिनों तक चले अनोखे प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया।
एडीएम नमामि गंगे विजय सिंह ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्या सुनी और एक खराब मोटर बदलवाकर जलापूर्ति शुरू कराई। गौरतलब है कि नलकूपों की मोटर खराब होने के कारण दोनों गांवों में पानी की सप्लाई बंद थी।
इससे करीब 10 हजार ग्रामीण पेयजल संकट से जूझ रहे थे। समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने पहले दिन तालाब में उतरकर जल सत्याग्रह किया, जबकि दूसरे दिन धूल-मिट्टी से रज-स्नान कर विरोध जताया।
ग्रामीणों का आरोप था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने उनकी समस्या पर ध्यान नहीं दिया। लगातार दो दिनों तक प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद एडीएम विजय सिंह गांव पहुंचे।
उन्होंने एक मोटर बदलवाकर पानी की आपूर्ति शुरू कराई और शेष दो मोटरों को भी जल्द ठीक कराकर सभी नलकूप चालू कराने का आश्वासन दिया। प्रशासन की पहल से ग्रामीणों को कुछ राहत मिली है, लेकिन अब उन्हें शेष दोनों मोटरों की मरम्मत और नियमित जलापूर्ति बहाल होने का इंतजार है।
