हमीरपुर: आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी हमीरपुर के निर्देशों के क्रम में आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत जनपद में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने एवं आम जनमानस को गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 03 नवम्बर को कस्बा कुरारा में लाल जी लस्सी एवं स्वीट भण्डार, संतोष गुप्ता डेयरी तथा महक दूध डेयरी एवं स्वीट से खोया, बर्फी एवं पनीर के कुल 05 नमूने संग्रहीत किए गए। वहीं दिनांक 04 नवम्बर को नगरपालिका हमीरपुर एवं कस्बा सुमेरपुर में दीक्षित स्वीट्स, पण्डित स्वीट हाउस, दिव्या स्वीट्स एवं रवी स्वीट्स से पेड़ा, दूध की बर्फी एवं बर्फी के कुल 04 नमूने जांच हेतु संग्रहीत किए गए।
इसके अतिरिक्त अभियान के दौरान 20 किलोग्राम दूषित बर्फी एवं 10 किलोग्राम दूषित छेना मौके पर ही नष्ट कराया गया। इस प्रकार दो दिनों में कुल 09 खाद्य नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II डॉ. गौरी शंकर के निर्देशन एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री मनोज कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री मृत्युंजय कुमार की उपस्थिति में यह कार्रवाई की गई।
खाद्य कारोबारकर्ताओं को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा मिलावटी एवं दूषित खाद्य पदार्थों का क्रय-विक्रय किसी भी दशा में न करने के निर्देश दिए गए। विभाग द्वारा बताया गया कि मिलावटखोरी के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
