मौदहा (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत पाटनपुर स्थित गौशाला के गोवंश खुले में घूमकर किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
इससे किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। परेशान ग्रामीणों एवं प्रभावित किसानों ने उपजिलाधिकारी मौदहा को शिकायती पत्र देकर नुकसान का आकलन कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
शिकायती पत्र के अनुसार, गौशाला के गोवंश खेतों में घुसकर फसलों को नष्ट कर रहे हैं। इसमें किसान भूपेंद्र पुत्र बालेन्द्र की एक बीघा तथा चंद्रशेखर पुत्र रामचरण की डेढ़ बीघा फसल बर्बाद होने की बात कही गई है।
इसके अलावा अरुण सिंह और स्वयं प्रकाश की फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गौशाला के गोवंशों को खुले में घूमने से रोका जाए, प्रभावित खेतों का मौके पर निरीक्षण कराकर फसल के नुकसान का आकलन कराया जाए तथा किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाए।
साथ ही गौशाला की व्यवस्थाओं में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों की जांच कर कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान नहीं होने पर वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
