मौदहा (हमीरपुर)। विकासखंड मौदहा के कार्यालय परिसर और सचिव आवासों के विकास एवं मरम्मत पर एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही गुणवत्ता की पोल खुलने लगी है।
तीन नवंबर की शाम कार्यालय में फॉल्स सीलिंग का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा। गनीमत रही कि उसकी चपेट में आने से एक कर्मचारी बाल-बाल बच गया।
कार्यालय परिसर में रंगाई-पुताई, फॉल्स सीलिंग और स्लैब मरम्मत सहित विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं। इसके बावजूद फॉल्स सीलिंग गिरने की घटना ने निर्माण कार्यों की मजबूती और गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
निर्माण कार्य अभी पूरा भी नहीं हुआ है और न ही परिसर विधिवत खंड विकास कार्यालय को हस्तांतरित किया गया है। ऐसे में सरकारी धन से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
