हमीरपुर। बिंवार थाना क्षेत्र के कुन्हेटा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में अचेत मिले किसान की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
किसान रात में अपने नाती के साथ खेत में पानी लगाने गया था। सुबह वह खेत में अचेत अवस्था में पड़ा मिला।
परिजन आनन-फानन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्राम प्रधान रामराज ने बताया कि बारेलाल पुत्र रामनाथ 61 वर्षीय खाना खाने के बाद अपने नाती को लेकर खेत में पानी लगाने गया था।
रात में नाती खेत में ही सो गया। सुबह जब उसकी नींद खुली तो बारेलाल खेत में अचेत अवस्था में पड़ा था।
उसने इसकी जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए तथा किसान को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
किसान की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
