हमीरपुर। जरिया थाना क्षेत्र के इटेलिया बाजा गांव में मंगलवार को खेत पर पलेवा करने गए 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
खेत में भरे पानी के बीच युवक का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों ने सांप के काटने की आशंका जताई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार इटेलिया बाजा गांव निवासी विकास पुत्र स्वर्गीय गया प्रसाद मंगलवार को अपनी मां कलावती के साथ गेहूं की बुवाई के लिए खेत में पलेवा करने गया था।
कुछ देर बाद कलावती खाना बनाने के लिए घर लौट आई, जबकि विकास खेत में ही रुक गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर मां उसकी तलाश में खेत पहुंची तो विकास पानी के बीच अचेत अवस्था में पड़ा मिला।
आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक विकास अविवाहित था और पांच बीघा जमीन पर खेती कर परिवार का हाथ बंटाता था।
परिवार में उसकी मां कलावती और बड़ा भाई वीर सिंह हैं। युवक की अचानक मौत से परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों ने खेत में सांप के काटने से मौत होने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी है।
