संवाददाता निलेश कलसकर अखंड भारत न्यूज़
जाम सांवली, सौंसर (पांढुर्णा) – चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर, जाम सांवली परिसर में पिछले 30 वर्षों से अधिक समय से दुकान संचालित कर रहे लगभग 150 दुकानदारों ने जिला कलेक्टर पांढुर्णा को ज्ञापन सौंपा है।
दुकानदारों ने बताया कि मंदिर परिसर की ये दुकानें ही उनके परिवार के भरण-पोषण और आजीविका का एकमात्र साधन है। पूर्व के संचालक मंडलों ने कभी दुकानों पर आपत्ति नहीं की, लेकिन विगत डेढ़ वर्ष से नवीन संचालक मंडल द्वारा लगातार दुकानें हटाने को कहा जा रहा है और धमकियां दी जा रही हैं।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि विगत एक माह से दुकानों की ओर आने-जाने वाले मार्ग पर बैरिकेड लगा दिए गए हैं, जिससे श्रद्धालु दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इससे बिक्री सामान्य दिनों की तुलना में 90 प्रतिशत तक गिरकर मात्र 10 प्रतिशत रह गई है और सभी दुकानदार गंभीर आर्थिक संकट में हैं।
वहीं दुकानदारों को आशंका है कि आवागमन के लिए 30 वर्ष पूर्व बनी पुलिया को भी तोड़ने की योजना है। यदि पुलिया तोड़ी गई तो रास्ता पूरी तरह बंद हो जाएगा और 150 परिवारों के सामने भुखमरी की स्थिति बन जाएगी।
दुकानदारों ने कलेक्टर से मांग की है कि 1. दुकानों को यथावत संचालित रहने दिया जाए, 2. मार्ग पर लगे बैरिकेड तत्काल हटवाए जाएं, 3. 30 साल पुरानी पुलिया को न तोड़ा जाए।
दुकानदारों ने कहा कि मंदिर शासन के अधीन है और कलेक्टर ही मुख्य प्रबंधक हैं, इसलिए उन्हें न्याय की पूरी उम्मीद है।
