संवाददाता निलेश कलसकर अखंड भारत न्यूज़
पांढुर्णा, 3 नवंबर 2026।
जिले में आज प्रशासनिक सक्रियता के तहत चार महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित हुए।
1. जनसुनवाई में अपर कलेक्टर ने सुनी नागरिकों की समस्याएं
कलेक्ट्रेट कार्यालय पांढुर्णा में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं।
नागरिकों ने विद्युत आपूर्ति समय पर न मिलने, बिजली बिलों में त्रुटि, नवीन विद्युत कनेक्शन, प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित राशि, दुर्घटना में पुत्र की मृत्यु पर आर्थिक सहायता, भूमि से अतिक्रमण हटाने, कृषि भूमि विवाद, नल-जल योजना में नल कनेक्शन, आंगनवाड़ी सहायिका नियुक्ति एवं पाइपलाइन बिछाने से उत्पन्न विवादों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
अपर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई में संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा, सुश्री नेहा सोनी, CEO जनपद पंचायत विनय प्रकाश ठाकुर, तहसीलदार सुश्री प्रेक्षा पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
2. ग्राम परसोडी में शक्ति से सृजन के तहत नशामुक्ति जागरूकता
मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित शक्ति से सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम परसोडी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रस्फुटन समिति के सदस्यों एवं ग्रामीण महिलाओं को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
विकासखंड समन्वयक दिलीप आठनेरे ने शराब एवं मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में बताया तथा परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने में महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। इस दौरान महिलाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ भी दिलाई गई।
यह कार्यक्रम कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री नीरज कुमार वशिष्ठ, जिला समन्वयक अखिलेश जैन एवं विकासखंड समन्वयक दिलीप आठनेरे के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इसमें परामर्शदाता श्याम दलवी, मंगेश गजभिए, नवांकुर संस्था अध्यक्ष राजेश कुमार मानकर, प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष अनुसूइयाबाई उइके सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
3. अवैध महुआ शराब पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई
कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशन तथा सहायक आबकारी आयुक्त बी.आर. वैद्य के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग ने ग्राम घोघरी एवं कुकड़ीखापा में जंगल और नालों के आसपास दबिश दी। कार्रवाई में अवैध हाथभट्टी महुआ शराब बनाने के लिए छिपाकर रखा गया लगभग 500 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद कर विधिवत नष्ट किया गया।
मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(च) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। कार्रवाई में वृत्त प्रभारी अनिकेत पटेल, आरक्षक मुकेश राहांगडाले एवं अंकुश मरावी उपस्थित रहे।
4. कल पांढुर्णा में होगा जिला स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव
किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के लिए कल 4 नवंबर को कृषि उपज मंडी प्रांगण पांढुर्णा में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित होगा। प्रातः 11 बजे किसान आगमन एवं पंजीयन, 11:30 से 1 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं वैज्ञानिक परिचर्चा तथा 1 बजे दीप प्रज्ज्वलन से कार्यक्रम का शुभारंभ होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से किसानों से संवाद करेंगे। दोपहर 3 से 3:30 बजे तक प्रगतिशील किसानों एवं मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी किसानों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता की अपील की है।
