गणेश पाण्डे , अखंड भारत समाचार डिण्डौरी
डिंडोरी, 27 अक्टूबर 2026। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डिंडोरी में संस्था प्रमुख देवेन्द्र नाथ चतुर्वेदी जी का भावभीनी विदाई सम्मान समारोह सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ, जिसका सफल मंच संचालन मृणालिनी पाठक दीदी ने किया।
समारोह में तिलक बाल कल्याण समिति अध्यक्ष अशोक कुमार अवधिया, व्यवस्थापक नरेन्द्र सिंह राजपूत, कोषाध्यक्ष श्रीमती सपना जैन, सह व्यवस्थापक श्रीमती नरबदिया मरकाम, राजेन्द्र परमार, महेश पाराशर, संजय तिवारी, वनांचल सेवा न्यास के जिला समन्वयक बेनी प्रसाद साहू सहित आचार्य परिवार उपस्थित रहा।
वक्ताओं ने कहा कि आज हम अपने यशस्वी प्राचार्य देवेन्द्र नाथ चतुर्वेदी को विदाई दे रहे हैं। यद्यपि उनका कार्यकाल मात्र 17 माह का रहा, परन्तु इस अल्प अवधि में उन्होंने जो छाप छोड़ी है, वह वर्षों तक याद रहेगी। उन्होंने समय की पाबंदी, कर्तव्य परायणता, अनुशासन-सादगी और समर्पण भाव का आदर्श प्रस्तुत कर सिद्ध कर दिया कि पद की अवधि नहीं, कार्य की निष्ठा बड़ी होती है।
अध्यक्ष अशोक अवधिया, व्यवस्थापक नरेन्द्र सिंह व कोषाध्यक्ष श्रीमती सपना जैन ने उनके मृदुभाषी स्वभाव व संस्कारयुक्त शिक्षा के प्रति समर्पण की सराहना की। कक्षा 12वीं के भैया-बहिनों ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया।
समिति व आचार्य परिवार ने उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं दीर्घायु भविष्य की कामना की। आभार प्रदर्शन नवागत संस्था प्रधान मनोजपुरी गोस्वामी ने किया। कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
