गणेश पाण्डे , अखंड भारत समाचार डिण्डौरी 27 अक्टूबर 2026
डिण्डौरी दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को चौकी गोपालपुर, थाना करंजिया क्षेत्रांतर्गत ग्राम झनकी में सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त होने पर चौकी प्रभारी गोपालपुर सहायक उपनिरीक्षक अतुल हरदहा हमराह स्टाफ के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर एकत्रित भीड़ को समझाइश देकर शांत कराने का प्रयास किया गया, इसी दौरान आक्रोशित भीड़ के कुछ लोगों द्वारा दुर्घटनाकारित ईको वाहन में आग लगा दी गई तथा चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अतुल हरदहा के साथ मारपीट कर उनके गले में पहनी हुई सोने की चेन लूट ली गई।
उक्त घटना के संबंध में थाना करंजिया में अपराध क्रमांक 229/26, धारा 296(बी), 115(2), 351(3), 121(1), 132, 221, 191(2) एवं 326(एफ) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान प्रकरण में धारा 309(4) BNS का इजाफा किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) द्वारा प्रकरण की लगातार मॉनिटरिंग की गई तथा आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम गठित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक एस.एस. उसराठे के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक सुनील पटेल द्वारा पुलिस टीम के साथ कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को प्रकरण के मुख्य आरोपी पिंटू उर्फ गणेश कुमार आर्मो, पिता स्व. हीरा सिंह आर्मो, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम परसवाह, थाना गाड़ासरई, जिला डिण्डौरी को पूछताछ हेतु तलब किया गया। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर ग्राम परसवाह से लूटी गई सोने की चेन बरामद की गई। इसके पश्चात आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में रिमांड हेतु पेश किया गया है।
