मौदहा, हमीरपुर। मौदहा कोतवाली क्षेत्र के कम्हरिया गांव के पास बिवार रोड पर मंगलवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस 108 की मदद से घायल को मौदहा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सदर अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के गौरिहार थाना क्षेत्र के महाराजपुर गांव निवासी अरुण कुमार (30) पुत्र राम खिलावन रिश्तेदारी में करगांव गांव आया हुआ था।
मंगलवार शाम वह बाइक से मौदहा की ओर आ रहा था। इसी दौरान कम्हरिया गांव के पास बिवार रोड पर अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मौदहा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस अज्ञात वाहन के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
