संवाददाता निलेश कलसकर अखंड भारत न्यूज़ पांढुरना
पांढुर्णा, 27 अक्टूबर। कलेक्टर सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान स्वामित्व प्रमाण-पत्र, खसरा दुरुस्ती, पेंशन, आवासीय पट्टा, भूमि विवाद, बिजली, विभाजन प्रकरण और आंगनवाड़ी से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
ग्राम भंडारगोंदी के किसान निलेश कलसकर ने फसल सिंचाई के लिए जलाशय से पानी उपलब्ध कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए थे। किसान के अनुसार, उसे सिंचाई की अनुमति नहीं दी गई, जबकि इसी अवधि में कुछ अन्य लोग मोटर पंप से जलाशय का पानी उपयोग करते पाए गए। जल संसाधन विभाग की टीम और ग्राम पंचायत सरपंच के मौके पर पहुंचने के बावजूद संबंधित लोगों पर कार्रवाई नहीं होने तथा मौखिक अनुमति दिए जाने की बात सामने आई।
किसान ने पूछा कि यदि सिंचाई के लिए अनुमति, शुल्क या राजस्व जमा करने की निर्धारित प्रक्रिया है, तो उसे समान रूप से क्यों नहीं अपनाया गया। उसने यह भी जानना चाहा कि मौखिक अनुमति किस नियम या आदेश के तहत दी गई।
किसान ने अब जलाशय से सिंचाई की अनुमति लेने से इनकार किया है, लेकिन नियमों के समान और पारदर्शी अनुपालन की मांग की है। मामला किसी व्यक्ति विशेष के बजाय प्रशासनिक प्रक्रिया और जवाबदेही से जुड़ा है।
जनसुनवाई में संयुक्त कलेक्टर सुश्री नेहा सोनी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री विनय प्रकाश ठाकुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
