गायत्री परिवार के आयोजन में विश्व कल्याण के लिए होगा सामूहिक गायत्री मंत्र जाप…
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में गायत्री परिवार तहसील संगठन मनावर द्वारा सर्वपितृ अमावस्या के अवसर पर ग्राम मोराड़ स्थित हनुमान मंदिर में निःशुल्क सामूहिक श्राद्ध तर्पण कार्यक्रम का आयोजन 10 अक्टूबर, शनिवार को किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य पितरों की शांति एवं सद्गति के लिए श्रद्धापूर्वक तर्पण करना है।
गायत्री परिवार के कार्यकर्ता गिरधारीलाल मालवीय एवं गोपाल मौर्य ने बताया कि गायत्री परिवार द्वारा प्रतिवर्ष सर्वपितृ अमावस्या पर सामूहिक श्राद्ध तर्पण का आयोजन किया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार पितृपक्ष में पूर्वजों के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए श्राद्ध और तर्पण किया जाता है।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे सामूहिक साधना से होगी। विश्व कल्याण की मंगलकामना के साथ एक घंटे तक सामूहिक रूप से गायत्री महामंत्र का जाप किया जाएगा। इसके पश्चात सुबह 9 बजे से सामूहिक श्रद्धा तर्पण का कार्यक्रम प्रारंभ होगा।
आयोजन में ग्राम मोराड़ सहित मुहाली, सीतापुरी, देवरा, खंडलाई आदि गांवों के गायत्री परिवार के परिजन एवं अन्य पितृप्रेमी श्रद्धालु शामिल होंगे। गायत्री परिवार ने पितरों की शांति एवं सद्गति के लिए आयोजित इस निःशुल्क सामूहिक तर्पण कार्यक्रम में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से सहभागी बनने का आह्वान किया है।
