कोलकाता। बंगाल के सबसे बड़े त्योहार दुर्गापूजा के पावन अवसर पर युवा शक्ति संगम वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से दिव्यांगजनों, नेत्रहीन एवं जरूरतमंद लोगों के लिए विशेष ‘दुर्गापूजा सेवा उत्सव’ का आयोजन बड़ाबाजार स्थित होटल हिमालय में किया गया। इस अवसर पर लगभग 250 जरूरतमंद लोगों के बीच नए वस्त्र, उपहार, मिठाइयां एवं स्नैक्स वितरित किए गए। संस्था का उद्देश्य त्योहार की खुशियों को समाज के उन लोगों तक पहुंचाना है, जो अक्सर इन खुशियों से वंचित रह जाते हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ णमोकार महामंत्र के जाप के साथ हुआ, जिसके पश्चात राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। सेवा एवं मानवता को समर्पित इस आयोजन में विशिष्ट अतिथियों के रूप में विधायक श्री विजय ओझा, JIS ग्रुप के संयुक्त प्रबंध निदेशक श्री हरनजीत सिंह, ज्वाइंट सीपी श्री नवेंद्र सिंह पॉल, डीसी ट्रैफिक श्री विभाष कुमार मंडल, न्यू मार्केट थाना प्रभारी श्री प्रबीर चंद्र मंडल, भूतपूर्व डिप्टी मेयर श्रीमती मीना देवी पुरोहित, जैन श्वेतांबर पंचायती मंदिर के ट्रस्टी श्री सुशील राय सूराना एवं श्री अंकित चुरोरिया सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सभी विशिष्ट अतिथियों ने युवाशक्ति संगम वेलफेयर फाउंडेशन की इस मानवीय पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद, दिव्यांग एवं नेत्रहीन लोगों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करना समाज में संवेदनशीलता, समानता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करता है। अतिथियों ने संस्था द्वारा निरंतर किए जा रहे सेवा कार्यों की भी प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान नए वस्त्र, उपहार एवं खाद्य सामग्री प्राप्त कर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दिया। उनकी आंखों में झलकती प्रसन्नता तथा संस्था के प्रति आभार ने पूरे वातावरण को भावुक एवं यादगार बना दिया। 250 जरूरतमंद लोगों के चेहरों पर आई मुस्कान ही इस सेवा उत्सव की सबसे बड़ी सफलता रही।
कार्यक्रम संस्था के संस्थापक अध्यक्ष श्री बिमल सिपानी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्री सिपानी ने कहा, “युवा शक्ति संगम वेलफेयर फाउंडेशन समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के साथ सदैव खड़ा रहने के लिए प्रतिबद्ध है।” उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति त्योहार की खुशियों से वंचित न रहे। दुर्गापूजा सहित विभिन्न त्योहारों एवं विशेष अवसरों पर संस्था जरूरतमंदों के बीच पहुंचकर उनके साथ खुशियां बांटने का निरंतर प्रयास करती रहेगी।
श्री बिमल सिपानी ने सभी विशिष्ट अतिथियों, सहयोगियों, कार्यकर्ताओं तथा सेवा का लाभ प्राप्त करने वाले दिव्यांग एवं जरूरतमंद भाई-बहनों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा करने और उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का अवसर मिलना संस्था के लिए सम्मान के साथ-साथ सौभाग्य की बात है।
उन्होंने आगे कहा कि इस कार्यक्रम की सफलता केवल वस्तुओं के वितरण में नहीं, बल्कि जरूरतमंद भाई-बहनों के चेहरों पर आई खुशी और उनके साथ बने मानवीय रिश्ते में है। उन्होंने संस्था के सभी सदस्यों एवं सहयोगियों से भविष्य में भी इसी सेवाभाव को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस सेवा उत्सव के सफल आयोजन में गोविंद टिबरेवाल, विनय सिंह बिनायक, अजय सिंह कोठारी, राजेश मोदी, अजीत बोथरा, रामावतार जाखोटिया, श्रीपाल पारख, आलोक जैन, प्रशांत जैन, महेंद्र चौधरी एवं विजय तिवारी सहित अनेक सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम की सफलता का श्रेय सभी विशिष्ट अतिथियों, सहयोगियों, कार्यकर्ताओं एवं सेवा से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को दिया गया, जिन्होंने इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। युवा शक्ति संगम वेलफेयर फाउंडेशन ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर मानवता की सेवा करने और जरूरतमंदों के साथ सदैव खड़े रहने का अपना संकल्प दोहराया।
संस्था का संदेश
“सेवा ही हमारा संकल्प है, मानवता ही हमारा धर्म है।”
