जिला पंचायत सदस्य गणेश जर्मन ने उपमुख्यमंत्री देवड़ा को सौंपा ज्ञापन, मनावर में नवोदय विद्यालय की स्थापना की मांग…….
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। जिला धार के लिए स्वीकृत नवीन जवाहर नवोदय विद्यालय को मूल मांग एवं क्षेत्र की जनभावनाओं के अनुरूप मनावर में स्थापित किए जाने की मांग को अब नई मजबूती मिली है। जिला पंचायत सदस्य गणेश जर्मन ने गुरुवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा से सौजन्य भेंट कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से मनावर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण एवं आदिवासी बहुल क्षेत्र के विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों को ध्यान में रखते हुए नवोदय विद्यालय की स्थापना मनावर में किए जाने की मांग रखी गई। इस दौरान क्षेत्र में बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं की आवश्यकता और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों के सामने आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों से भी उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया गया।
जिला पंचायत सदस्य गणेशभाई जर्मन के अनुसार उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने विषय को गंभीरता से सुना तथा ज्ञापन पर उचित कार्यवाही के लिए कलेक्टर धार को प्रेषित करने का आश्वासन दिया।
‘नवोदय मनावर’ की मांग विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी
मनावर एवं आसपास के ग्रामीण-आदिवासी क्षेत्र में लंबे समय से जवाहर नवोदय विद्यालय को मनावर में स्थापित किए जाने की मांग उठ रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नवोदय विद्यालय जैसी गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा सुविधा स्थानीय विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक अवसरों का विस्तार करेगी।
‘नवोदय मनावर’ की मांग केवल स्थान की मांग नहीं, बल्कि क्षेत्र के हजारों प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के बेहतर शैक्षणिक भविष्य और समान अवसर से जुड़ा मुद्दा है। अब उपमुख्यमंत्री के समक्ष ज्ञापन पहुंचने के बाद क्षेत्रवासियों को शासन स्तर पर सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है।
