विद्या भारती के आह्वान पर एक साथ, एक स्वर और एक लय में होगा सामूहिक गायन…..
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। वंदे मातरम् के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय चेतना, स्वतंत्रता संग्राम के गौरव और मातृभूमि के प्रति अटूट श्रद्धा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 25 सितंबर को देशभर में सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ गीत का गायन किया जाएगा। इसी क्रम में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान से संबद्ध सरस्वती शिशु मंदिर मनावर में भी सामूहिक गायन का विशेष आयोजन किया जा रहा है।
आयोजन की जानकारी देने के लिए सरस्वती शिशु मंदिर में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। संस्था प्राचार्य अरविंद पांडेय ने बताया कि वंदे मातरम् के 150 वर्ष भारतीय राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली यात्रा का महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विद्या भारती के आह्वान पर देशभर में लाखों लोग एक साथ, एक स्वर और एक लय में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन करेंगे।
*25 सितंबर को सुबह 10 से 11 बजे तक आयोजन*
आयोजक समिति के अनुसार 25 सितंबर, शुक्रवार को सुबह 10 से 11 बजे तक सरस्वती शिशु मंदिर मनावर में सामूहिक वंदे मातरम् गायन कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. रविंद्र शर्मा, प्रांत प्रशिक्षण संयोजक, सरस्वती विद्या प्रतिष्ठान मालवा उपस्थित रहेंगे।
देशभर में होने वाले इस सामूहिक गायन को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है। आयोजन में विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों और नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया है। मनावर में भी आयोजन को व्यापक तैयारी की जा रही है।कार्यक्रम को लेकर विद्यालय परिवार एवं नागरिकों में उत्साह व्याप्त है।
इस अवसर पर श्री अरविंद पांडेय ने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रीय चेतना, स्वतंत्रता संग्राम के गौरव और मातृभूमि के प्रति अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से इस ऐतिहासिक आयोजन में सहभागी बनकर राष्ट्रभावना के सामूहिक स्वर को मजबूत करने की अपील की।
इस अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर संचालन समिति अध्यक्ष हेमंत खटोड़, व्यवस्थापक अखिलेश पाटीदार मंचासीन रहे। नगर पालिका अध्यक्ष अजय पाटीदार सहित गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने नागरिकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस गरिमामय आयोजन का हिस्सा बनने का आग्रह किया है।
