बरेली- थाना बिथरी चौनपुर क्षेत्र अंतर्गत स्थित टी.पी. नगर पुलिस चौकी जो पिछले काफी समय से जर्जर हालत में थी, अब नए स्वरूप में नजर आएगी। चौकी का जीर्णोद्धार कराकर आज उसका लोकार्पण किया गया।
जानकारी के अनुसार, चौकी की बदहाल स्थिति के कारण वहां नियुक्त पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को कार्यालय कार्य और जनसुनवाई में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली श्री अनुराग आर्य को अवगत कराया गया।
एसएसपी के निर्देश और मार्गदर्शन में जनसहयोग से चौकी के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू कराया गया। जीर्णोद्धार के तहत भवन की मरम्मत, रंगाई-पुताई, कार्यालय कक्षों को व्यवस्थित किया गया तथा जनसुनवाई व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया गया है।
आज दिनांक 21-09-2026 को दोपहर 12.30 बजे पुलिस अधीक्षक उत्तरी, बरेली द्वारा क्षेत्राधिकारी हाईवे, थानाध्यक्ष राम बाबू मिश्रा बिथरी चौनपुर, चौकी प्रभारी टी.पी. नगर, अन्य पुलिस बल और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
में चौकी का लोकार्पण किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चौकी के नए स्वरूप से जहां पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, वहीं आम जनता को भी अधिक सुविधाजनक और
प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इस अवसर पर सीओ हाईवे, थाना बिथरी चौनपुर पुलिस स्टाफ, स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।
