महासमुन्द /बसना थाना क्षेत्र के ग्राम पितईपाली में कथित तौर पर कच्ची जहरीली शराब के सेवन के बाद दो लोगों की मौत का मामला सामने आया है। घटना दिनांक 20 सितम्बर 2026 रविवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। दोनों की हालत बिगड़ने के बाद उन्हें गांव के आसपास और बसना के अलग-अलग अस्पतालों में प्राथमिक उपचार कराया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को उच्च स्तरीय उपचार के लिए रायपुर रेफर किया था। रायपुर ले जाते समय आरंग के आसपास दोनों की मौत हो गई। मामले में बसना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आवश्यक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पितईपाली निवासी रामचरण चौधरी पिता प्राणधन, उम्र 57 वर्ष और नैन दास उर्फ कोंदा पिता सोनादास उर्फ ननकी, उम्र 26 वर्ष, ने कल रविवार शाम कथित तौर पर किसी व्यक्ति से कच्ची शराब खरीदकर सेवन किया था। परिजनों के अनुसार शराब सेवन के महज आधा घंटा बाद दोनों के पेट में तेज जलन होने लगी और अचानक तबीयत बिगड़ गई एक के मुंह से झाग निकल रही थी। शराब सेवन के कुछ मिनट बाद उनकी हालत इतनी गंभीर हो गई कि अपने अपने घर अंदर भी नहीं पहुंच सके अपने अपने घर के दरवाजे में ही दोनों बैठ गए और चीख पुकार करने लगे। घर के लोग सन्न रह गए।
दोनों की हालत गंभीर होने पर नैन दास को गांव के पास एक निजी अस्पताल परसकोल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया। वहीं रामचरण चौधरी को बसना के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें भी रायपुर रेफर कर दिया। दोनों को अलग-अलग वाहनों से रायपुर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान आरंग के आसपास दोनों की तबीयत और बिगड़ गई तथा अलग-अलग स्थानों पर उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके बाद दोनों मृतक के शवों को बसना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
चिकित्सकीय परीक्षण के बाद डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर बसना पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों से जानकारी लेकर मर्ग कायम किया। पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम का वीडियो ग्राफी भी किए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ रासायनिक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इन रिपोर्टों से मृत्यु के वास्तविक कारण की पुष्टि होने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है।
पुलिस ने ग्राम पितईपाली पहुंचकर मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ भी शुरू कर दी है। कथित शराब कहां से खरीदी गई, उसे किसने उपलब्ध कराया, उसका सेवन करने के बाद दोनों की तबीयत किस प्रकार बिगड़ी और शराब में कोई विषैला अथवा जहरीला पदार्थ मिला था या नहीं, इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल मृतकों के परिजन शराब सेवन को मौत का कारण बता रहे हैं, लेकिन पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक इसे मृत्यु का प्रमाणित कारण नहीं माना जा सकता।
पोस्टमार्टम तथा रासायनिक परीक्षण की रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की दिशा स्पष्ट होगी। यदि जांच में जहरीले पदार्थ अथवा अवैध शराब की पुष्टि होती है और किसी व्यक्ति की भूमिका सामने आती है, तो पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर सकती है। घटना के बाद पितईपाली सहित आसपास के क्षेत्र में इस मामले से सनसनी फैल गई है।
परिजनों के बताए अनुसार शराब सेवन के बाद ही दोनों की हालत गंभीर हुई है। दोनों के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है । पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। जो भी तथ्य पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच में सामने आयेगा उसके आधार पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। – शरद दुबे
थाना प्रभारी थाना बसना
