अखंड भारत न्यूज, रिपोर्टर: होशियार सिंह, कोसली (रेवाड़ी)-वीरता और शौर्य की धरती कोसली में शुक्रवार को 1965 व 1967 के युद्ध नायक तथा ‘नाथूला टाइगर’ के नाम से प्रसिद्ध ब्रिगेडियर राय सिंह यादव, महावीर चक्र व विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित के शौर्य स्थल का भव्य उद्घाटन एवं प्रतिमा अनावरण सैन्य परंपराओं के अनुरूप किया गया।
समारोह में सेना की सशस्त्र टुकड़ी ने सैन्य सम्मान के साथ सलामी दी। सेना के बैंड और बिगुल की गूंज से पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया। सैकड़ों पूर्व सैनिकों व गणमान्य नागरिकों ने समारोह में पहुंचकर इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।
28 गोलियां लगने के बाद भी नहीं झुके कोसली के शेर
नाथूला की लड़ाई में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद ब्रिगेडियर राय सिंह यादव ने अदम्य साहस और नेतृत्व का परिचय देते हुए दुश्मन के सामने अडिग रहकर वीरता की मिसाल कायम की। उनका शौर्य आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
समारोह में लेफ्टिनेंट जनरल सुनील यादव, लेफ्टिनेंट जनरल सतबीर सिंह यादव, ब्रिगेडियर करतार सिंह, विंग कमांडर सुरेंद्र सिंह, कर्नल सुधीर यादव, कर्नल सतेंद्र यादव, 2 ग्रेनेडियर्स यूनिट से कर्नल प्रणय श्रीवास्तव, कर्नल अवनीत, कर्नल सोहन लाल, एसडीएम विजय कुमार यादव, डीएसपी विद्यानंद, लम्बरदार होशियार सिंह कैप्टन सुभाष यादव एडवोकेट, सरपंच रामकिशन जांगड़ा, संजय यादव, सूबे महेंद्र सिंह सहित अनेक पूर्व सैनिक व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
ब्रिगेडियर राय सिंह यादव के भाई, पुत्र धर्म सिंह यादव, पुत्रवधू, पौत्री चेष्टा यादव सहित परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। शौर्य स्थल और प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को उनके अदम्य साहस व राष्ट्र के प्रति समर्पण की याद दिलाते रहेंगे।
