जहानाबाद। शहर में छात्रों के हिंसक आंदोलन के बाद जिला प्रशासन सख्त हो गया है। जिले में हाई अलर्ट घोषित किया गया है और शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों, सरकारी कार्यालयों तथा संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) कोटा किरण कुमार ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार को हुए प्रदर्शन में असामाजिक तत्व भी शामिल हो गए थे। उपद्रवियों ने सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया, पुलिसकर्मियों पर पथराव किया और जिला पदाधिकारी (डीएम) आवास पर भी हमला किया।
एसपी ने यह भी बताया कि प्रदर्शन के लिए प्रशासन से कोई पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी। अचानक बड़ी संख्या में लोगों के सड़कों पर उतर आने से स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई और आंदोलन हिंसक हो गया। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने रातभर व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान 80 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनकी पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया जारी है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों से प्राप्त वीडियो फुटेज के आधार पर अब तक 15 लोगों का मिलान किया जा चुका है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, ड्रोन कैमरों और सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों व वीडियो की जांच के बाद 106 संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें सार्वजनिक की हैं। इनमें से 50 लोगों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी तस्वीरों में दिख रहे लोगों की पहचान बताने में सहयोग की अपील की है। एसपी ने बताया कि वर्तमान में शहर की स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है। जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

