A2Z सभी खबर सभी जिले की

*नल जल योजना में भारी लापरवाही खापरखेड़ा के सरपंच ने एसडीएम पिपरिया को सौंपा ज्ञापन*

*कागजों में योजना पूर्ण, जमीनी स्तर पर 70% घरों तक नहीं पहुंचा पानी। खुले चेम्बरों से बीमारी का खतरा*

*खापरखेड़ा, पिपरिया* ग्राम पंचायत खापरखेड़ा में नल-जल योजना के अधूरे कार्य और पेयजल संकट को लेकर सरपंच सुलभ गोयदानी ने बुधवार को अनुविभागीय अधिकारी एसडीएम पिपरिया को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में बताया गया है कि ग्राम में नल-जल का कार्य कागजों पर तो पूर्ण दिखाया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। वार्ड क्रमांक 8, 9 और 13 में लगभग 300 परिवार निवास करते हैं, जिनमें से सिर्फ 30 प्रतिशत घरों में ही पानी पहुंच रहा है। इसी तरह वार्ड 10, 11, 12 के साथ मेन रोड से 2 किमी ककरुआ रोड, 300 मीटर सुरेला रोड, 1 किमी जमारा रोड और 300 मीटर खपरिया रोड तक फैले लगभग 4 किलोमीटर क्षेत्र के घरों में अब तक पानी नहीं पहुंच पाया है। सरपंच ने बताया कि टंकी मोहल्ला और नदी मोहल्ला में 1 साल से अधिक समय से नलकूप खोदे हुए हैं, लेकिन कनेक्शन नहीं होने से रहवासियों को एक बूंद पानी नसीब नहीं हो रहा। कई जगह पानी के चेम्बर और वाल्व भी नहीं लगे हैं और वे खुले पड़े हैं। बरसात का पानी इन खुले चेम्बरों में जाकर घरों तक पहुंचेगा तो हैजा जैसी गंभीर बीमारियां फैलने का खतरा है। इसकी जिम्मेदारी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग पीएचई की होगी। सरपंच सुलभ गोयदानी ने एसडीएम से ग्रामवासियों की पेयजल और स्वास्थ्य समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान कराने की मांग की है।शिकायतकर्ताओं में मुख्यरूप से पंच शंकरलाल मेहरा, प्रीति ठाकुर, पूजा बाल्मीक, कमला, कविता बाई, कलीराम विश्वकर्मा, धर्मेन्द्र पटेल सहित समस्त वार्ड पंच व ग्रामवासी उपस्थित रहे

Show More
Back to top button