A2Z सभी खबर सभी जिले की

कदाचार मुक्त सिपाही परीक्षा हेतू अभ्यर्थियों की सघन जांच

जहानाबाद। जिले में सिपाही भर्ती परीक्षा बुधवार को कड़ी सुरक्षा और सख्त निगरानी के बीच शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुई। जिला प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक इंतजाम किए हैं। परीक्षा जिले के 8 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। अभ्यर्थियों को पहली पाली के लिए सुबह 8 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 1 बजे तक केंद्र पर पहुंचने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित समय के बाद सभी केंद्रों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए।परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। प्रवेश से पहले उनके जूते उतरवाकर जांच की गई और पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद ही केंद्र में प्रवेश दिया गया। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और निजी पेन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। ओएमआर शीट भरने के लिए आवश्यक पेन परीक्षा केंद्रों पर ही उपलब्ध कराए गए।

प्रत्येक अभ्यर्थी का बायोमेट्रिक सत्यापन किया गया। इसके साथ ही, ई-प्रवेश पत्र और फोटो पहचान पत्र का मिलान कर प्रवेश सुनिश्चित किया गया। सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारियों और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है और संचार माध्यमों के दुरुपयोग को रोकने के लिए जैमर लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के 500 गज की परिधि में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 लागू की गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फर्जी अभ्यर्थियों या किसी अन्य के स्थान पर परीक्षा देने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी एवं जेल भेजने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles
Show More
Back to top button