🐘 एमसीबी में 12 हाथियों का उत्पात, ग्रामीणों में दहशत
घरों और फसलों को पहुंचाया नुकसान, वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की
एमसीबी। जिले के गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के जनकपुर पार्क क्षेत्र में करीब 12 जंगली हाथियों का झुंड पिछले करीब तीन महीने से क्षेत्र में घूम रहा है।
हाथियों के गांवों के आसपास पहुंचने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। बीती रात हाथियों का दल ग्राम ठेरगी के हथवारी पारा पहुंचा, जहां हाथियों ने तीन ग्रामीणों के घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
इसके अलावा घर के अंदर रखा राशन एवं अन्य सामान भी खराब कर दिया। हाथियों ने आसपास के खेतों में खड़ी फसलों को रौंदकर नुकसान पहुंचाया।
ग्रामीणों के अनुसार, झुंड में हाथी का एक बच्चा भी है, जिसके कारण हाथियों का झुंड अधिक आक्रामक माना जा रहा है। हाथियों की लगातार मौजूदगी से ग्रामीण रात के समय घरों से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से हाथियों के झुंड को जंगल की ओर खदेड़ा गया। वन विभाग द्वारा प्रभावित घरों और फसलों का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि रात के समय जंगल या हाथियों के संभावित आवागमन वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और हाथियों को परेशान या उकसाने की कोशिश न करें। लगातार हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों को फसल और संपत्ति के नुकसान के साथ-साथ जान-माल की चिंता भी सताने लगी है।
