

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा हमीरपुर। कस्बे में लंबे समय से चल रहे अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। उपजिलाधिकारी करनवीर सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने छापेमारी कर खनन में लगी एक जेसीबी मशीन तथा मिट्टी से भरी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कब्जे में ले लिया। साथ ही वाहनों के चालकों को हिरासत में लेकर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।जानकारी के अनुसार कस्बा क्षेत्र में रात के समय अवैध रूप से मिट्टी खनन किए जाने की शिकायतें लगातार प्रशासन को मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम करनवीर सिंह ने गुरुवार सुबह राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। अचानक हुई छापेमारी से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार सत्यप्रकाश एवं कस्बा लेखपाल अवनीश कुमार सहित राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। टीम ने मौके से एक जेसीबी मशीन और मिट्टी से लदी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर लिया।उपजिलाधिकारी करनवीर सिंह ने बताया कि कस्बा क्षेत्र में रात के अंधेरे में अवैध मिट्टी खनन की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत किया है।
