

जर्जर सड़कों को लेकर युवक कांग्रेस मुखर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा। नगर के भीतर से गुजरने वाले प्रमुख सड़क मार्गों की बदहाल स्थिति को लेकर नगर युवक कांग्रेस ने आवाज बुलंद करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र सड़क मरम्मत एवं चौड़ीकरण की मांग की। युवक कांग्रेस पदाधिकारियों ने नगर की जर्जर सड़कों के कारण आम नागरिकों, वाहन चालकों एवं स्कूली बच्चों को हो रही परेशानियों से प्रशासन को अवगत कराया।
ज्ञापन में बताया गया कि जयस्तंभ चौक, श्रीराम मार्केट, ब्रह्मणी, समता कॉलेज, संतोषी माता वार्ड एवं रानी दुर्गावती वार्ड से होते हुए न्यू ड्रायटेक के पीछे से बायपास मार्ग तक जाने वाली सड़क नगर के लगभग 8 वार्डों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। इस सड़क से प्रतिदिन हजारों नागरिक पैदल एवं निजी वाहनों से आवागमन करते हैं। बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी साइकिल से इसी मार्ग का उपयोग करते हैं।
युवक कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जयस्तंभ चौक से संतोषी माता वार्ड तक की पक्की सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। बारिश के दौरान स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे राहगीरों एवं वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
नगर युवक कांग्रेस अध्यक्ष नेहील साबारे ने कहा कि यह मार्ग नगरवासियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए जनहित को ध्यान में रखते हुए सड़क का शीघ्र नवीनीकरण एवं चौड़ीकरण कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से नागरिक खराब सड़क के कारण परेशान हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। युवक कांग्रेस ने जल्द कार्रवाई की मांग की है।
इस दौरान नगर युवक कांग्रेस अध्यक्ष नेहील साबारे सहित युवक कांग्रेस के संगठन पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।